लखनऊ। जोन-पश्चिमी के थाना ठाकुरगंज पुलिस ने मानवता और तत्परता का सराहनीय उदाहरण पेश करते हुए महज 2 घंटे के भीतर एक गुमशुदा 5 वर्षीय बच्चे को उसके परिजनों से सकुशल मिला दिया।
5 अप्रैल को दोपहर करीब 3:30 बजे हरि नगर पुलिया के पास एक 5 वर्षीय बच्चा लावारिस हालत में मिला। पूछताछ करने पर बच्चा अपने नाम के अलावा कोई जानकारी नहीं दे सका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना ठाकुरगंज पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हो गई।
पुलिस की तत्परता से मिली सफलता
प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में गहन खोजबीन, पूछताछ और अथक प्रयास करते हुए महज 2 घंटे के भीतर बच्चे के माता-पिता का पता लगा लिया।
परिजनों को सौंपा गया मासूम
बच्चे के पिता पुराना तोपखाना, थाना ठाकुरगंज क्षेत्र के निवासी पाए गए। पुलिस ने बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद परिवार में खुशी का माहौल बन गया।पुलिस के इस सराहनीय कार्य की आमजन द्वारा जमकर प्रशंसा की जा रही है। इस कार्रवाई से लखनऊ पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस की सकारात्मक छवि और मजबूत हुई है।











