कप्तानगंज विकास खंड के ग्राम कौड़ीकोल निवासी आदर्श वर्मा ने एसएससी सीजीएल परीक्षा उत्तीर्ण कर जीएसटी इंस्पेक्टर पद हासिल किया है। इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। आदर्श की प्रारंभिक शिक्षा कौड़ीकोल स्थित चंद्रशेखर इंटर कॉलेज में हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। बचपन से ही मेधावी रहे आदर्श ने तीसरे प्रयास में यह सफलता हासिल कर अपने दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम का परिचय दिया। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। चयन की खबर मिलते ही कौड़ीकोल स्थित हरि ज्ञान लाइब्रेरी में ग्रामीणों ने एकत्र होकर उनका स्वागत किया। आदर्श को फूल-मालाएं पहनाई गईं और मिठाई खिलाकर बधाई दी गई। इस दौरान हरिओम उपाध्याय, राजेश चौधरी, संतोष साहनी, सतीश मिश्रा, देवेंद्र यादव, आलोक कुमार, हर्ष शुक्ला, गोपाल गुप्ता, आनंद चौधरी और राहुल विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आदर्श ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिजनों और मित्रों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन के बिना यह संभव नहीं था। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करें, सफलता जरूर मिलेगी। आदर्श अपने पिता चंद्रशेखर वर्मा के दो बेटों में बड़े हैं। उनके छोटे भाई आदित्य भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। बेटे की सफलता पर पिता ने गर्व जताते हुए कहा कि आदर्श ने कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी। एक सामान्य परिवार से निकलकर सरकारी पद तक पहुंचने की यह यात्रा त्याग, संघर्ष और परिवार के समर्थन की मिसाल है। आदर्श की सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती न्यूज़: आज की ताज़ा खबर











