बलरामपुर के हरैय्या सतघरवा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत टेढ़ीप्रास के मजरे गौरीदास पुरवा में तेंदुए की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। गुरुवार रात तेंदुए ने एक बार फिर एक मवेशी पर हमला कर एक साल के बछड़े को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। गांव निवासी राजेश्वर यादव का एक साल का बछड़ा घर के पास इंडिया मार्का हैंडपंप के निकट अन्य मवेशियों के साथ बंधा हुआ था। रात के समय तेंदुआ चुपके से बस्ती के समीप पहुंचा और बछड़े को दबोच लिया। इसके बाद वह उसे घसीटते हुए लगभग 100 मीटर दूर झाड़ियों में ले गया और गला काटकर मार डाला। पीड़ित ने बताया कि पशुओं की आवाज सुनकर तेंदुए को हांका लगाकर खदेड़ा गया, जिसके बाद वह झाड़ी में छिप गया। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तेंदुए की आवाजाही लगातार बढ़ रही है और वह अब आबादी के नजदीक आकर मवेशियों को निशाना बना रहा है। पीड़ित ने यह भी बताया कि बीते 16 मार्च को भी तेंदुए ने हमला कर एक बछिया को मार डाला था। यह इसी ग्राम पंचायत में तेंदुए द्वारा हमला करने की दूसरी घटना है, जिससे लोगों में भय और चिंता और अधिक बढ़ गई है। खासकर रात के समय लोग घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। इस संबंध में बनकटवा रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी सत्रोहन लाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बलरामपुर में तेंदुए ने बछड़े को बनाया निवाला:गौरीदास पुरवा गांव में दूसरी घटना, ग्रामीणों में दहशत
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











