मुंबई। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की अध्यक्षा सुनेत्रा पवार ने 23 अप्रैल 2026 को होने वाले बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार, (6 अप्रैल) को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने अपने पार्टी सहयोगियों सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और हसन मुशरिफ के साथ-साथ डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन दाखिल करने से पहले सुनेत्रा पवार ने बारामती की जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे उन्हें उसी तरह समर्थन दें, जैसे उन्होंने हमेशा उनके दिवंगत पति अजित पवार (दादा) को दिया।
उन्होंने कहा कि आपने हमेशा अपने अजित दादा को रिकॉर्ड मतों से जिताया है। यह पहला चुनाव है जिसमें वह हमारे बीच नहीं हैं। मुझे विश्वास है कि आप मुझे भी वही प्यार और समर्थन देंगे। सुनेत्रा पवार ने भरोसा दिलाया कि बारामती का विकास बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा और प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखा जाएगा।
बता दें कि 28 जनवरी 2026 को हुए एक विमान दुर्घटना में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और राकांपा के वरिष्ठ नेता अजित पवार के निधन के बाद बारामती में यह उपचुनाव कराया जा रहा है। वहीं, कांग्रेस ने इस उपचुनाव के लिए अपने प्रदेश सचिव आकाश मोरे को सुनेत्रा पवार के खिलाफ उम्मीदवार बनाया है। बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए वोट 23 अप्रैल को डाले जायेंगे और मतगणना 4 मई को होगी।











