श्रावस्ती जनपद के गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम कटहा में भीषण आग लग गई। इस घटना में पांच परिवारों के घर जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। आग से पुत्तू पुत्र दयाराम, रामराज पुत्र हीरालाल, ननके पुत्र बलई, पतलू पुत्र दयाराम और शिवराम पुत्र हीरालाल के मकान प्रभावित हुए। आग की लपटें तेज होने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। फायर सर्विस कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे आसपास के अन्य घरों को सुरक्षित बचाया जा सका और एक बड़ी दुर्घटना टल गई। इस अग्निकांड में पीड़ित परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। उनके घरों में रखा समस्त घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। इसमें जेवरात, लगभग 25 हजार रुपये नकद, पंपिंग सेट का इंजन और साइकिल भी शामिल हैं। फायर सर्विस टीम में चालक राजू कुमार (इंचार्ज), फायरमैन इंद्रजीत पटेल और फायरमैन संजय कुमार शामिल थे। उनकी तत्परता और सूझबूझ से आग पर समय रहते काबू पाया जा सका। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ितों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
गिलौला में भीषण आग, पांच घर जलकर राख:लाखों का नुकसान, पीड़ित परिवारों ने मुआवजे की मांग की
Recent Comments
on Hello world!











