श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम कटहा में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और देखते ही देखते चार परिवारों के फूस के घर जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रभावित परिवारों में ग्राम कटहा निवासी पुत्तू, रामराज, ननके और पतलू शामिल हैं। उनके फूस के मकानों में अचानक आग लगी। आग की लपटें देखकर परिजन और ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। उन्होंने बाल्टियों, हैंडपंप और अन्य उपलब्ध साधनों का उपयोग किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई। घटना की सूचना मिलने पर फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते आग बुझा लेने से आसपास के अन्य फूस के घरों को बचाया जा सका। इस अग्निकांड में पीड़ित परिवारों का घरेलू सामान नष्ट हो गया। घरों में रखा अनाज, पंपिंग सेट का इंजन और साइकिल सहित अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की है। गौरतलब है कि इन दिनों मौसम में बदलाव और तेज हवाओं के कारण जिले में फसलों और फूस के मकानों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अधिकांश मामलों में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
श्रावस्ती में 4 परिवारों के फूंस के घर जलकर राख:लाखों की संपत्ति के नुकसान की आशंका, हवा चलने से तेजी से फैली आग
RELATED ARTICLES












