रामपुर। गंज क्षेत्र में महिला सिपाही लता और उसके बेटे लड्डू की मौत अब हादसा नहीं बल्कि पति दान सिंह द्वारा रची गई साजिश निकली है। पुलिस ने दान सिंह समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि लता और उसके बेटे की 25 फरवरी को कार में आग लगने से मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में इसे दुर्घटना माना गया था, लेकिन आगे की जांच में सामने आया कि यह सोची-समझी हत्या थी।
जांच में पता चला कि दान सिंह ने पत्नी को पहले नशीली गोली देकर बेहोश किया। फिर उस पर हथौड़ी से हमला किया और कार में आग लगा दी, जिससे माँ-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। इस जघन्य अपराध का मकसद पत्नी की मौत के बाद मिलने वाली बीमा धनराशि हड़पना था।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद दान सिंह और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।











