गिलौला बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर से स्थानीय लोग, व्यापारी और राहगीर परेशान हैं। कई महीनों से नियमित सफाई न होने के कारण बाजार की मुख्य सड़क के किनारे कूड़ा जमा होता जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासी महेश, सूरज, करन और विनोद ने बताया कि बाजार की शुरुआत से लेकर तिलकपुर मोड़ तक कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। सफाई व्यवस्था लंबे समय से दुरुस्त न होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। खुटेहना मोड़ पर तो कूड़े का बड़ा अंबार लग गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में भी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कूड़े के कारण न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बाजार क्षेत्र होने की वजह से यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है। वहीं, प्रधान प्रतिनिधि कोयले पटवा ने बताया कि गिलौला बाजार की आबादी करीब 20 हजार है, जबकि पूरे क्षेत्र की सफाई के लिए केवल एक ही सफाईकर्मी तैनात है। इतने बड़े क्षेत्र में एक कर्मचारी के भरोसे नियमित सफाई संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गिलौला बाजार में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सफाईकर्मियों की नियुक्ति की जाए, ताकि बाजार को कूड़ा मुक्त बनाया जा सके।
गिलौला बाजार में कूड़े का अंबार:महीनों से साफ-सफाई ठपई, राहगीर-व्यापारी परेशान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











