Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)भारत-नेपाल खेल महोत्सव की तैयारी हुई पूरी:दोनो देशों के बीच संबंध होंगे...

भारत-नेपाल खेल महोत्सव की तैयारी हुई पूरी:दोनो देशों के बीच संबंध होंगे मजबूत, क्रॉस कंट्री दौड़ से होगी शुरुआत


बहराइच में भारत और नेपाल के बीच रिश्तों को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार से बहराइच के किसान डिग्री कॉलेज खेल मैदान में भारत-नेपाल खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में दोनों देशों के खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। इसका आयोजन क्रीड़ा भारती और सीमा जागरण मंच द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। खेल महोत्सव के संबंध में जानकारी देते हुए सुरेश प्रताप सिंह ने बताया कि यह आयोजन न केवल भारत और नेपाल के संबंधों को प्रगाढ़ करेगा, बल्कि युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए एक मंच भी प्रदान करेगा। किसान डिग्री कॉलेज के सचिव मेजर डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच ‘रोटी-बेटी’ का सदियों पुराना रिश्ता है। ऐसे आयोजनों से इस रिश्ते को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने जोर दिया कि दोनों देशों के बीच किसी भी प्रकार के तनाव को कम करने के लिए ऐसे सांस्कृतिक और खेल आयोजन महत्वपूर्ण हैं। डॉ. सिंह ने आगे बताया कि इस महोत्सव में सीमावर्ती गांवों के लोगों को भी प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। महोत्सव की शुरुआत रविवार को ‘रन फॉर’ नामक क्रॉस कंट्री दौड़ से होगी, जिसका मुख्य उद्देश्य नेपाल के लोगों को इस आयोजन से जोड़ना है। इस अवसर पर प्रांत प्रचारक, एमएलसी और संगठन मंत्री अमरनाथ सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। प्रतियोगिता में सीमा क्षेत्र की चार टीमें और नेपाल की चार टीमें भाग लेंगी। इस दौरान सीमा जागरण मंच के प्रांत संगठन मंत्री अमरनाथ, किसान मोर्चा के जिला संयोजक सत्य प्रकाश सिंह ‘सत्या’, सभासद आशीष सिंह, देवेंद्र सिंह, डिम्पल जैन, आदित्य चंद मिश्र, डिंकु सिंह रैकवार, क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष अटल सिंह और विवेक शुक्ल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments