थाना इकौना पुलिस द्वारा मानवीय संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए एक भटकी हुई बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया है, उल्लेखनीय है कि एक अज्ञात बालिका खुशी पुत्री रिंकू को डायल 112 पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर लाया गया था, जिसे नियमानुसार महिला आरक्षी राधा राणा की उपस्थिति में वन स्टॉप सेंटर भींगा में सुरक्षित रखा गया था। दिनांक 07.04.2026 को उपनिरीक्षक विशाल यादव द्वारा बालिका से पूछताछ एवं जानकारी प्राप्त करने पर ज्ञात हुआ कि उसकी बड़ी बहन संध्या यादव उर्फ मुस्कान, पत्नी राम ब्रीछ, निवासी ग्राम मुढफोरवा मेली, थाना कोतवाली भिनगा, जनपद श्रावस्ती में रहती हैं। बालिका अपनी चाची के साथ हरियाणा काम करने गई थी, जहां से भटककर इकौना क्षेत्र तक पहुंच गई थी।
प्राप्त जानकारी के आधार पर उपनिरीक्षक विशाल यादव तत्काल वन स्टॉप सेंटर भींगा पहुंचे तथा नियमानुसार बालिका को अपनी सुपुर्दगी में लेकर म0आ0 राधा राणा के साथ ग्राम मुढफोरवा मेली पहुंचे। वहां पर बालिका की बहन की पहचान सुनिश्चित करने के उपरांत विधिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए बालिका को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।











