उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित *मिशन शक्ति फेज–5 के द्वितीय चरण* के अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक *श्री राहुल भाटी* के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश चन्द्र उत्तम के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारीगणों के पर्यवेक्षण में जनपद श्रावस्ती के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों एवं शक्ति मोबाइल टीम द्वारा “बहू-बेटी सम्मेलन” का सफल आयोजन किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत जनपद के *11विभिन्न स्थानों पर लगभग 700 से अधिक* महिलाओं एवं बालिकाओं को एक मंच पर जोड़कर उन्हें सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, संवैधानिक अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने हेतु प्रेरित करना रहा।
थाना- कोतवाली भिनगा, मल्हीपुर, सोनवा, हरदत्तनगर गिरंट, गिलौला, इकौना, सिरसिया, नवीन मॉडर्न, महिला थाना एवं शक्ति मोबाइल टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर आयोजित इन सम्मेलनों में आशा बहुएँ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, गृहिणियाँ, विधवा एवं तलाकशुदा महिलाएँ तथा किशोरियाँ उपस्थित रहीं।
सम्मेलन के दौरान महिलाओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिनमें मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, मातृशक्ति को सम्बल योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना एवं नारी शक्ति वंदन अधिनियम प्रमुख रहे। महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेकर स्वावलंबी एवं सशक्त जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
महिलाओं को घरेलू हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न, साइबर अपराध एवं आपात स्थितियों से निपटने हेतु *1090, 181, 1930, 112, 108, 1098, 102 एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076* की जानकारी दी गई तथा मिशन शक्ति केंद्रों के बारे में अवगत कराते हुए पंपलेट वितरित किए गए।
किशोरियों को बाल विवाह, दहेज प्रथा, साइबर अपराध तथा गुड टच–बैड टच जैसे संवेदनशील विषयों पर जागरूक किया गया और उन्हें शिक्षा एवं आत्मरक्षा को जीवन का मजबूत आधार बनाने हेतु प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति टीमों एवं महिला बीट अधिकारियों द्वारा महिलाओं को आत्मरक्षा के सरल उपाय बताए गए तथा समाज में निर्भीक होकर अपनी बात रखने के लिए उनका मनोबल बढ़ाया गया।
“मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से जनपद की प्रत्येक बहू-बेटी तक सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण का संदेश पहुँचाना श्रावस्ती पुलिस की निरंतर प्राथमिकता है।”


















