HomeHealth & Fitness डीपीआई के घेराव के बाद शिक्षकों के नियुक्ति के आदेश जारी, कर...

 डीपीआई के घेराव के बाद शिक्षकों के नियुक्ति के आदेश जारी, कर सकेंगे स्कूल चॉइस

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के सामने प्रदर्शन के बाद आखिरकार मध्य प्रदेश सरकार ने 4,000 माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षकों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 12 मई से 18 मई 2026 के बीच ऑनलाइन माध्यम से स्कूलों का चयन (चॉइस फिलिंग) करना होगा।

दरअसल, नियुक्ति को लेकर हो रही देरी को लेकर बुधवार को शिक्षकों ने डीपीआई का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। दिन में प्रदर्शन के बाद सरकार ने रात में शिक्षकों की नियुक्ति के आदेश जारी किए।

उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय ने आधिकारिक सूचना जारी कर दी है। शिक्षकों की भर्ती पूरी तरह नियमों के अनुसार और साफ तरीके से की जा रही है। सरकार सभी योग्य उम्मीदवारों को समय पर नौकरी देने के लिए काम कर रही है।

अभ्यर्थियों के अनुसार, यह भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2022 में शुरू हुई थी। इसके बाद 2023 में पात्रता परीक्षा आयोजित की गई और अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा ली गई। लंबी प्रक्रिया के बाद सितंबर 2025 में परिणाम घोषित हुआ।

चयन सूची जारी की गई। इसमें करीब 10,700 अभ्यर्थियों की सूची आने के बावजूद पिछले 9 महीनों से नियुक्ति प्रक्रिया अटकी हुई थी, जिससे अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ रही थी।

लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश के मुताबिक, माध्यमिक शिक्षक (विभिन्न विषय) और प्राथमिक शिक्षक (खेल, संगीत, गायन-वादन, नृत्य) पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्कूलों का चयन करना होगा।

अभ्यर्थियों को अपने आवंटित संभाग या जिले के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों को प्राथमिकता क्रम में भरना अनिवार्य होगा। विभाग ने साफ किया है कि पोर्टल शुल्क जमा करने के बाद ही चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।

विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर कोई अभ्यर्थी तय समय सीमा के भीतर स्कूल विकल्प नहीं भरता है, तो उसे बाद में बची हुई रिक्तियों के आधार पर ही स्कूल आवंटित किया जाएगा।

ऐसी स्थिति में मनचाहा स्कूल मिलने की संभावना कम हो जाएगी। साथ ही, चॉइस फिलिंग से जुड़े किसी भी प्रकार के दावे बाद में स्वीकार नहीं किए जाएंगे, इसलिए समय पर प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है।

जिन अभ्यर्थियों के नाम सशर्त रूप से चयन सूची में शामिल हैं, उनके दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही उनकी पात्रता या अपात्रता तय होगी।

इसी आधार पर आगे की नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। विभाग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे एमपी ऑनलाइन के अधिकृत पोर्टल पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।

सभी जरूरी सूचनाएं और निर्देश इसी पोर्टल के माध्यम से जारी किए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी नई जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।

प्राथमिक शिक्षक (गायन-वादन, नृत्य) जैसे विशेष पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची अलग से जारी की जाएगी। इसके बाद ही इन पदों की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।

उम्मीद की जा रही है कि चॉइस फिलिंग के बाद जल्द ही स्कूल आवंटन और अंतिम नियुक्ति आदेश भी जारी कर दिए जाएंगे।

स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित की जा रही है। राज्य सरकार योग्य अभ्यर्थियों को समयबद्ध तरीके से नियुक्ति प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments