जिलाधिकारी ने बच्चों को दवा खिलाकर ’’राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस’’ अभियान का किया शुभारम्भ*

 

*1 से 19 साल तक के बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की दवा-जिलाधिकारी*

श्रावस्ती, 10 अगस्त, 2026। सू0वि0। विकास खण्ड हरिहरपुररानी के अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालय सिसवा में ’’राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस’’ अभियान का शुभारम्भ किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने फीता काटकर एवं बच्चों को स्वयं दवा खिलाकर अभियान का शुभारम्भ किया। इसके तहत सभी स्कूलों, आंगनवाड़ी केन्द्रों पर निःशुल्क एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी ने सम्बन्धित को निर्देशित भी किया कि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रह जाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा भ्रमण कर 1 से 19 साल तक के बच्चो को दवा खिलाई जाएगी। जिसमें जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अभियान चलाकर सभी स्कूलों, आंगनवाड़ी केन्द्रो पर निःशुल्क कृमि नियंत्रण की दवाई एल्बेन्डाजोल खिलाई जायेगी तथा छूटे हुए बच्चों को शत-प्रतिशत आच्छादित किया जायेगा। उन्होने बताया कि किशोर-किशोरियों में कृमि के संक्रमण से मानसिक और शारीरिक विकास बाधित होता है। स्कूलों में अनुपस्थिति बढ़ती है तथा उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है। जिससे बच्चा कुपोषण और एनीमिया का शिकार हो जाता है। इससे बचाव हेतु जनपद में आज ’’राष्ट्रीय कृमि मुक्ति’’ अभियान चलाकर 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को घर-घर भ्रमण कर एल्बेन्डाजोल की दवा खिलाई जा रही है। इसके अलावा 14 अगस्त, 2026 को मॉप अप दिवस मनाया जाएगा। जिसके तहत कृमि मुक्ति दिवस के दिन छूटेउई हुए बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।

इस दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 के0के0 वर्मा ने कहा कि कुछ बच्चो में दवा खाने के कारण मामूली दुष्प्रभाव हो सकते है। जैसे-जी मचलाना, उल्टी, दस्त, पेट में दर्द और थकान होने की संभावना रहती है। यह दुष्प्रभाव क्षणिक होते है जो आसानी से संभाले जा सकते है। मामूली दुष्प्रभाव होने पर खुली जगह एवं हवादार जगह में लिटाकर साफ पानी पिलाएं।

इस अवसर पर अधीक्षक डा0 प्रवीन कुमार, डी0ई0आई0सी0 मैनेजर प्रतीक शाक्य सहित,बबीता बाजपेयी,डी पी एम मनीष आर बी एस के टीम एवं अन्य कर्मचारी व स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।