लखनऊ। डॉ.राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के दंत चिकित्सा विभाग व इनर व्हील क्लब ऑफ लखनऊ ट्रांसगोमती, डिस्ट्रिक्ट 312 के संयुक्त तत्वावधान में प्राथमिक विद्यालय, उज्जरियां में व्यापक दंत एवं बाल स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 65 विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों की दंत जांच की गई तथा मौखिक स्वास्थ्य एवं तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। प्रो. डॉ. शैली महाजन के नेतृत्व में डॉ. ऋषि भुजबल एवं डॉ. रागिनी गुप्ता ने विद्यार्थियों को दांतों की नियमित सफाई, सही ब्रशिंग तकनीक एवं मौखिक स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी।

विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को टूथपेस्ट, माउथवॉश सहित अन्य मौखिक स्वच्छता सामग्री भी वितरित की गई। शिविर में तंबाकू एवं नशा मुक्ति जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसके पश्चात विद्यार्थियों ने “ नशा नहीं, तंबाकू नहीं ” का संकल्प लिया। मनोवैज्ञानिक डॉ. कुमुद श्रीवास्तव ने बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी और इंटरैक्टिव गतिविधि के माध्यम से उन्हें सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान करने तथा आवश्यकता पड़ने पर विश्वासपात्र व्यक्ति से सहायता लेने के लिए जागरूक किया। निदेशक प्रो. सीएम. सिंह ने प्रो. डॉ. शैली महाजन एवं दंत चिकित्सा विभाग की पूरी टीम, प्राथमिक विद्यालय उज्जरियां की प्रधानाचार्या सरिता शर्मा इनर व्हील क्लब ऑफ लखनऊ ट्रांसगोमती की सदस्यों — रीता मित्तल, किरण मांगलिक,ममता सिन्हा एवं अन्य सदस्यों—को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।












