लखनऊ । राजधानी के हजरतगंज थाना क्षेत्र में गोदाम का ताला तोड़कर एसी चोरी करने की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को वादी मो. नईम अख्तर निवासी रामा विहार कॉलोनी, कानपुर रोड ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके गोदाम का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने 3 स्प्लिट एसी चोरी कर लिए हैं। इस सूचना पर थाना हजरतगंज में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी गोदाम से एसी चोरी करते दिखाई दिए। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फैसल, मनोज रावत, मुकिम, कासिफ और मोबिन को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बंद पड़ी दुकानों और गोदामों की रेकी कर रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए 3 स्प्लिट एसी और 3 आउटडोर यूनिट बरामद कर लिए।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवम पांडेय, मधुकर सिंह, आर्यन नैन सहित हजरतगंज पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।












