महराजगंज के पनियरा विकासखंड स्थित रजौड़ा कला ग्राम पंचायत में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में लगभग 15 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। तेज पछुआ हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, आग अचानक खेतों में लगी और तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग बाल्टियों में पानी भरकर और पेड़ों की टहनियों की मदद से आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग की चिंगारी माता मंदिर के पास स्थित एक नीम के पेड़ की सूखी डाल तक भी पहुंच गई थी। ग्रामीणों ने पेड़ पर चढ़कर आग बुझाई और स्थिति को नियंत्रण में किया। घटना की सूचना मिलने पर पनियरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस अग्निकांड में मिश्री सिंह, गुलाब गुप्ता, शैलेश मद्धेशिया, नारायण सिंह, राजेश्वर मल्ल, विदेशी पासवान और देवी प्रसाद सहित कई किसानों की फसलें जलकर नष्ट हो गईं। प्रभावित किसान गुलाब गुप्ता ने बताया कि उन्होंने ढाई बीघा में गेहूं बोया था, जिसमें से दो बीघा जमीन किराए पर ली थी। फसल जलने से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद ग्राम प्रधान अमरजीत गुप्ता, नीरज कुमार, विष्णु श्रीवास्तव, विजय कुमार और अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ब्लॉक स्तर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात की जाए। उनका कहना है कि इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर तुरंत काबू पाया जा सकेगा। हल्का लेखपाल जयचंद ने जानकारी दी कि वह मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करेंगे। इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा मिल सके।
रजौड़ा कला में 15 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख:बाल्टियों में पानी भरकर बुझाने पहुंचे लोग, किसानों को भारी नुकसान
RELATED ARTICLES












