Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में 30 लाख की स्मैक के साथ 3 गिरफ्तार:कोतवाली पुलिस और...

बस्ती में 30 लाख की स्मैक के साथ 3 गिरफ्तार:कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने की कार्रवाई, तस्करी के खिलाफ चल रहा है अभियान

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान में तीन युवकों को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तारी शुक्रवार तड़के करीब 1:15 बजे अमहट पुल से आगे फुटहिया मोड़ के पास घेराबंदी कर की गई। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान अमन गुप्ता (21), विशाल अग्रहरी उर्फ छोटू (22) और अखिलेश चौधरी (19) के रूप में हुई है। ये सभी कोतवाली थाना क्षेत्र के बसिया और बरगदवा के निवासी हैं। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से 126.98 ग्राम भूरे रंग का नशीला पाउडर और 103 पुड़िया में पैक 16.89 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की। इसके अतिरिक्त, 370 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विशाल अग्रहरी उर्फ छोटू का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में कप्तानगंज थाने और वर्ष 2025 में कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए थे। इसके बावजूद वह नशीले पदार्थों के कारोबार में सक्रिय था। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्वाट और सर्विलांस टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि आरोपितों के नेटवर्क और स्मैक की आपूर्ति श्रृंखला के संबंध में भी गहन जांच जारी है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments