HomeHealth & Fitness80वां स्वतंत्रता दिवस: राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा के संकल्प के साथ महोबा पुलिस...

80वां स्वतंत्रता दिवस: राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा के संकल्प के साथ महोबा पुलिस ने मनाया राष्ट्रीय पर्व

महोबा। देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर महोबा पुलिस ने राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के संकल्प के साथ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने कैंप कार्यालय महोबा में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा उपस्थित पुलिसकर्मियों को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन महोबा में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। यहां उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी गई।
शहीदों को नमन, पुलिसकर्मियों को जनसेवा का संदेश
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से गरीब, असहाय और पीड़ित लोगों की सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा आमजन के मन में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक जरूरतमंद नागरिक के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और विश्वास कायम करना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। पीआरवी-112 आपात सेवा के अंतर्गत प्राप्त इवेंट्स पर त्वरित, प्रभावी एवं सूझबूझपूर्ण कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक, यूपी-112, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदत्त प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही जनपद महोबा में अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली स्वॉट एवं सर्विलांस टीम को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। पुलिस कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण
इसी क्रम में पुलिस कार्यालय महोबा में अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। उपस्थित पुलिसकर्मियों को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा भी अपने-अपने सर्किल और थाना क्षेत्रों में ध्वजारोहण किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति और उत्साह के साथ मनाया। महोबा पुलिस के लिए यह स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा तथा नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास को और मजबूत करने के संकल्प का अवसर बना।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments