
लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में देश का 80 वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर राधा कृष्ण धीमन ने परंपरागत रूप से ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के पश्चात उपस्थित संकाय सदस्यों और कर्मचारियों को उन्होंने संबोधित किया। राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को संस्थान की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि यह दिन देश की आजादी का जश्न मनाने, इसे हासिल करने के लिए किए गए बलिदानों को याद करने और आजादी के बाद से भारत की प्रगति को प्रतिबिंबित करने का दिन है।
निदेशक ने संस्थान की पिछले एक वर्ष की उपलब्धियों का लेखा जोखा प्रस्तुत किया।
संस्थान की देश में विशिष्ट पहचान:
संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान ने चिकित्सा शिक्षा, शोध, नवाचार एवं उत्कृष्ट मरीज सेवाओं के क्षेत्र में देशभर में अपनी विशिष्ट एवं प्रतिष्ठित पहचान स्थापित की है।
एनएएसी ए++ मान्यता:
संस्थान को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (एनएएसी) द्वारा ए++ ग्रेड प्राप्त है, जो संस्थान की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, शोध, प्रशासन एवं संस्थागत उत्कृष्टता का प्रमाण है।
एनआईआरएफ में 5वां स्थान:
राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क की रैंकिंग में पीजीआई ने देश में 5वां स्थान प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं चिकित्सा सेवाओं का परिचय दिया है।












