Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सूदखोरों ने कर्ज वसूली के लिए घर पर हमला किया:दुबौलिया में पीड़ित...

सूदखोरों ने कर्ज वसूली के लिए घर पर हमला किया:दुबौलिया में पीड़ित के घर तोड़फोड़, 11 लोगों पर केस दर्ज

#बस्ती_न्यूज

गुलौरी बुजुर्ग गांव में सूदखोरों द्वारा कर्ज वसूली के नाम पर एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। इस घटना में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 11 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित कृष्ण चंद्र सिंह, निवासी गुलौरी बुजुर्ग, ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी पारिवारिक जरूरतों के लिए सूदखोरों से भारी ब्याज पर कुछ रुपये उधार लिए थे। उनका आरोप है कि मूलधन का बड़ा हिस्सा और तय ब्याज चुकाने के बावजूद, आरोपी लगातार अतिरिक्त ब्याज और पेनाल्टी के नाम पर दबाव बना रहे थे। रविवार रात करीब 10 बजे, दो लग्जरी गाड़ियों में सवार होकर लगभग 11 आरोपी कृष्ण चंद्र सिंह के घर पहुंचे। आरोप है कि आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और घर का सामान तोड़ने लगे। जब पीड़ित और उनके परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में कृष्ण चंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने पीड़ित के परिवार की महिलाओं के साथ भी अभद्रता की और धमकी दी कि यदि जल्द रुपये नहीं चुकाए गए तो पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी अपनी गाड़ियों से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल पीड़ित को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुख्य सूदखोर हिमांशु सिंह (पुत्र अजय सिंह, निवासी नचना गुलौरी), पारस सिंह (निवासी छबेला, थाना कलवारी), मनीष सिंह (पुत्र मुरली सिंह, निवासी ऊंजी, थाना दुबौलिया), हरिओम सिंह (पुत्र जालिम सिंह, निवासी नारायणपुर, थाना दुबौलिया) और पीयूष सिंह (पुत्र विनय प्रकाश सिंह, निवासी पकड़ी चौहान, थाना दुबौलिया) सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, धमकी और प्रताड़ित करने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular