श्रावस्ती के थाना सिरसिया परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके साथ नम्र व्यवहार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर जांच करे और नियमानुसार समस्या का निस्तारण सुनिश्चित करे। बालिकाओं और महिलाओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर जाकर मामले की जांच करे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत के निस्तारण के बाद फरियादी को फोन या अन्य माध्यम से इसकी जानकारी दी जाए। एसपी ने शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लोगों को समय से न्याय दिलाने पर बल दिया। समाधान दिवस के दौरान क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान, थानाध्यक्ष सिरसिया सौरभ सिंह, नायब तहसीलदार शुभम तिवारी, राजस्व निरीक्षक, बीट निरीक्षक और बीट कांस्टेबल सहित पुलिस तथा राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी फरियादियों की समस्याओं को सुनकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
श्रावस्ती में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की शिकायतें:भूमि विवाद मौके पर निपटाने के दिए निर्देश
RELATED ARTICLES












