श्रावस्ती जनपद की भिनगा विधानसभा क्षेत्र से विधायक इंद्राणी वर्मा इन दिनों चर्चा में हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खेतों में काम कर रहे मजदूरों के बीच पहुंचकर ट्रैक्टर चलाते हुए जुताई करती नजर आ रही हैं। गुरुवार को यह वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच उनकी सराहना हो रही है। बताया गया है कि विधायक इंद्राणी वर्मा खेतों में काम कर रहे मजदूरों के पास पहुंचीं और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर खेत की जुताई की। इस दौरान उन्होंने किसानों और मजदूरों से बातचीत भी की और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने उनके इस व्यवहार की प्रशंसा करते हुए इसे एक सकारात्मक संदेश बताया। इस अवसर पर विधायक इंद्राणी वर्मा ने कहा कि किसान इस देश की रीढ़ हैं। उन्होंने बताया कि उनका मूल व्यवसाय भी खेती रहा है, इसलिए वह किसानों की समस्याओं, उनकी लागत और फसलों के मूल्य को बेहतर ढंग से समझती हैं। उन्होंने जोर दिया कि किसान दिन-रात मेहनत कर पूरे देश का पेट भरते हैं, लेकिन उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता। सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद से किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और उन्हें लगातार घाटा हो रहा है। इसके बावजूद किसान अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटते और देश के लिए अन्न उत्पादन करते रहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो किसानों के केसीसी के संपूर्ण कर्ज को माफ किया जाएगा और फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाएगा।
विधायक इंद्राणी वर्मा ने खेत में चलाया ट्रैक्टर:जुताई करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












