जौनपुर। यूपी के जौनपुर में गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे एसपी कार्यालय के पास एक 20 वर्षीय युवती की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची लाइन बाजार पुलिस ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी रेफर कर दिया।युवती की पहचान बदलापुर थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर निवासी रमेश चंद्र तिवारी की पुत्री महिमा तिवारी के रूप में हुई है। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. सलमान अंसारी ने बताया कि युवती को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था।

प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया। युवती किसी मामले में न्याय की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची थी। युवती ने आरोप लगाया कि उसके साथ कुछ समय पहले दुष्कर्म की घटना हुई थी और इसकी शिकायत पुलिस से किए दो महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उसने कई बार पुलिस अधिकारियों से मिलकर कार्रवाई की मांग किए जाने की बात भी कही। इस मामले में जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि युवती का एक युवक से करीब दो वर्षों से मिलना-जुलना था। इस संबंध में करीब दो वर्ष पूर्व दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ यौन उत्पीड़न से संबंधित मुकदमे दर्ज कराए गए थे।

विवेचना के दौरान युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। वर्तमान में वह जमानत पर बाहर है। एसएसपी के अनुसार, युवती ने सात अगस्त को युवक द्वारा धमकी दिए जाने की शिकायत की थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। गुरुवार की घटना की भी गहनता से जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।












