श्रावस्ती अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम ने पुलिस कार्यालय सभागार में जनपद के प्रमुख व्यवसायियों के साथ मासिक गोष्ठी आयोजित की। इस गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य व्यावसायिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था। इसमें सर्राफा, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी और ईंट भट्ठा सहित अन्य व्यवसायी शामिल हुए। गोष्ठी के दौरान व्यापारियों ने यातायात अव्यवस्था, सड़क पर अतिक्रमण, बस स्टैंड पर अवैध डग्गामार वाहनों का संचालन, पेट्रोल पंपों पर अत्यधिक भीड़ और स्कूल बसों की फिटनेस से संबंधित कई समस्याएं उठाईं। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने निर्देश अपर पुलिस अधीक्षक ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया। उन्होंने भीड़भाड़ वाले बाजारों और कस्बों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने, पेट्रोल पंपों पर भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस प्रबंधन तथा स्कूल बसों की नियमित फिटनेस जांच के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बाजारों की सुरक्षा के लिए रात्रि गश्त और पिकेट बढ़ाने, बैंक व एटीएम के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की लगातार चेकिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु नियमित मासिक गोष्ठी आयोजित करने और उनके साथ सद्व्यवहार व हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस वेरिफिकेशन कराने की अपील सुरक्षा के मद्देनजर, व्यवसायियों से अपने गार्ड और चौकीदारों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने की अपील की गई। इसके अतिरिक्त, बाल श्रम न कराने तथा चोरी व लूट जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु प्रेरित किया गया। जनसहयोग से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के लिए व्यापारियों का आभार भी व्यक्त किया गया। अग्निकांड से बचाव के लिए संस्थानों में आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाने तथा ऑनलाइन ठगी व साइबर अपराध से बचने हेतु ओटीपी साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और बैंक विवरण सुरक्षित रखने के प्रति भी व्यवसायियों को जागरूक किया गया।
श्रावस्ती में गार्ड-चौकीदारों का पुलिस वेरिफिकेशन कराएं- एएसपी:व्यवसायियों की सुरक्षा व समस्याओं पर मासिक गोष्ठी में दिए निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












