संस्थानों के पास वैध एनओसी नहीं होने पर नोटिस जारी करने के दिये आदेश
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में अग्निशमन विभाग की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले में आगजनी की घटनाओं को रोकने, अग्निशमन तंत्र को मजबूत करने और विभिन्न भवनों में फायर सेफ्टी मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, कोचिंग सेंटरों और बहुमंजिला इमारतों में फायर फाइटिंग सिस्टम क्रियाशील होने चाहिए। जिन संस्थानों के पास वैध एनओसी नहीं है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।
जिलाधिकारी ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सभी अग्निशमन वाहनों, वाटर टेंडर, पंपों और अग्निशामक उपकरणों की नियमित जांच की जाए, ताकि आपात स्थिति में कोई तकनीकी समस्या न आए। उन्होने जिले के स्कूलों, कॉलेजों, मदरसों, औद्योगिक इकाइयों और ग्रामीण इलाकों में व्यापक स्तर पर फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे आम जनमानस को आगजनी के समय बचाव के तरीकों की जानकारी मिल सके।बैठक में अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) ललित कुमार, उपजिलाधिकारी प्रवीण यादव, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए0के0 सिंह, जिला अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












