अनार के दाने :अनार खाना जितना सेहत के लिए फायदेमंद है, उतना ही इसके दाने निकालना कई लोगों को झंझट भरा काम लगता है। छिलका सख्त, दाने छोटे-छोटे और ऊपर से गंदगी का डर, इसी वजह से लोग अनार खरीदने से भी कतराते हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा! कुछ आसान और स्मार्ट ट्रिक्स की मदद से आप बिना मेहनत के मिनटों में अनार के एक-एक दाने अलग कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही आसान तरीके, जो आपका काम भी आसान बनाएंगे और समय भी बचाएंगे।
इन तरीकों से मिनटों में निकालें अनार के दाने:
चम्मच से टैप करने की ट्रिक: चम्मच से टैप करने की ट्रिक दो मिनट में अनार के दाने को अलग कर देगी। सबसे पहले अनार को आधा काटें और उसे उल्टा एक बाउल के ऊपर पकड़ें। अब चम्मच या करछी से ऊपर की तरफ हल्के-हल्के थपथपाएं। कुछ ही सेकंड में दाने झर-झर करके नीचे गिरने लगेंगे।
पानी वाला आसान तरीका: सबसे पहले अनार को बीच से काट लें। अब एक बड़े बाउल में पानी भर लें और उसमें अनार के टुकड़े डाल दें। हल्के हाथों से छिलके को दबाकर दाने अलग करें। दाने नीचे बैठ जाएंगे और छिलके ऊपर तैरने लगेंगे। बस छिलके निकाल दें और साफ दाने तैयार।
ग्रिड करने का तरीका: अनार के ऊपर हल्के-हल्के कट लगाकर उसे चार हिस्सों में तोड़ लें। इससे अंदर के सेक्शन साफ दिखेंगे और आप आसानी से उंगलियों से दाने निकाल पाएंगे।
रोल करके ढीला करें: अनार को काटने से पहले उसे किचन स्लैब पर हल्का दबाव डालते हुए रोल करें। इससे अंदर के दाने थोड़े ढीले हो जाते हैं और निकालना आसान हो जाता है।
इन बातों का भी रखें ख्याल
हमेशा पका हुआ अनार चुनें, इसके दाने आसानी से निकलते हैं। सफेद झिल्ली को निकालते रहें, इससे स्वाद बेहतर रहता है। दाने निकालते समय एप्रन पहन लें या सिंक के पास काम करें, ताकि दाग न लगें।












