बहराइच में अवैध रूप से डीजल और पेट्रोल की बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पूर्ति विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में ईंधन जब्त किया। दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहला मामला मिहींपुरवा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत भगड़िया से सामने आया। यहां 71 वर्षीय श्रीराम अवध बिना लाइसेंस के अवैध रूप से डीजल और पेट्रोल बेच रहे थे। सूचना मिलने पर पूर्ति निरीक्षक की टीम ने उनके ठिकाने पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान मौके से दो केन में लगभग 50 लीटर डीजल और 20 लीटर पेट्रोल जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त, चार कुप्पी, चार तेल मापक यंत्र और एक पाइप भी बरामद हुआ। जिलाधिकारी के 20 अप्रैल 2026 के आदेश के अनुपालन में आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 के तहत थाना मूर्तिहा में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। दूसरा मामला थाना मोतीपुर क्षेत्र के ग्राम निबिया रायबोझा का है। यहां कृपा राम वर्मा अपने घर और परचून की दुकान से बिना लाइसेंस डीजल बेच रहे थे। वह ग्रामीणों को अधिक कीमत पर डीजल उपलब्ध करा रहे थे। इस छापेमारी में उनके यहां से सात प्लास्टिक पिपियों में लगभग 95 लीटर डीजल बरामद हुआ। इसमें 50 लीटर, 20 लीटर और शेष पिपियों में 5-5 लीटर डीजल शामिल था। मौके से एक लीटर और आधा लीटर के मापक यंत्र भी जब्त किए गए। दोनों मामलों में पूर्ति निरीक्षक, मिहींपुरवा ने जिलाधिकारी की अनुमति के बाद संबंधित थानों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस ईंधन की बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बहराइच में अवैध ईंधन बिक्री पर कार्रवाई:दो ठिकानों पर छापेमारी, भारी मात्रा में डीजल-पेट्रोल जब्त
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












