#बस्ती_न्यूज
बस्ती में एक नाबालिग किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले तथा पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा पर हुए हमले को लेकर अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। संगठन के जिलाध्यक्ष बैजनाथ शर्मा के नेतृत्व में सोमवार को बस्ती जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। गाजीपुर के थाना करण्डा क्षेत्र के ग्राम कटरिया निवासी सियाराम विश्वकर्मा की नाबालिग बेटी निशा विश्वकर्मा के साथ कथित रूप से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई और शव को गंगा नदी में फेंक दिया गया। इस घटना की जानकारी लेने के लिए पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा गांव पहुंचे थे। आरोप है कि पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष सिंह ‘आशु’ द्वारा पूर्व मंत्री पर पथराव किया गया। इस हमले में पूर्व मंत्री गंभीर रूप से घायल हो गए, और उनके साथ मौजूद कार्यकर्ता भी चोटिल हुए। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। महासभा ने अपने ज्ञापन में छह प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें पूर्व मंत्री पर हमला करने वाले दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, निशा के हत्यारों को फांसी की सजा दिलाने, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। इसके अतिरिक्त, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के खिलाफ कार्रवाई कर उसे जेल भेजने तथा थानाध्यक्ष करण्डा सहित संबंधित पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की भी मांग की गई है। जिलाध्यक्ष बैजनाथ शर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
गाजीपुर में नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या, पूर्व मंत्री पर पथराव:बस्ती में विश्वकर्मा महासभा ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा, कार्रवाई की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












