सिद्धार्थनगर के माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस 2024 बैच के छात्रों के बीच हुए विवाद और हाथापाई के मामले में कॉलेज प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। पांच छात्रों को तीन माह के लिए निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान ये छात्र न तो किसी शैक्षणिक गतिविधि में भाग ले पाएंगे और न ही छात्रावास में रह सकेंगे। बताया जा रहा है कि कॉलेज में एमबीबीएस 2024 बैच के छात्रों के बीच कुछ समय से गुटबाजी चल रही थी। इसी गुटबाजी के चलते 23 अप्रैल को छात्रों के बीच विवाद बढ़ा और हाथापाई हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन हरकत में आया और प्राचार्य ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया। जांच समिति ने सभी पहलुओं की गहनता से जांच की और अपनी रिपोर्ट प्राचार्य को सौंपी। रिपोर्ट में पाया गया कि आरोपी छात्रों ने छात्रावास के नियमों का उल्लंघन किया था। इसके साथ ही, उन्होंने संस्थान की अनुशासन एवं आचार संहिता का भी गंभीर उल्लंघन किया। रिपोर्ट में छात्रों द्वारा परिसर में अनुचित व्यवहार करने, शैक्षणिक माहौल को बाधित करने और संस्थागत व्यवस्था में अवांछित हस्तक्षेप करने की पुष्टि भी हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राचार्य प्रो. राजेश मोहन ने पांचों छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तीन माह के लिए निलंबित कर दिया। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज जैसे अनुशासित संस्थान में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कॉलेज का शैक्षणिक वातावरण और अनुशासन बना रहे।
एमबीबीएस के 5 छात्र 3 माह के लिए निलंबित:सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज में विवाद और हाथापाई के बाद कार्रवाई
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












