बिहार: मामला वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव का है. मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है. आरोप है कि उसके पति शुभम राज ने कथित अवैध संबंध के विरोध में उसकी हत्या कर दी.
मृतका के भाई दीपक कुमार ने बताया कि उनकी बहन की शादी पिछले साल 8 मई को हुई थी और चार दिन में उसकी पहली सालगिराह आनी थी.
उनका आरोप है कि शुभम राज का पड़ोस की एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और इसी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. कई बार पंचायत के जरिए समझौता कराने की कोशिश भी की गई, लेकिन स्थिति नहीं सुधरी.
परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी अपने पति के इस संबंध का विरोध करती थी, जिससे घर में तनाव बना रहता था. अंततः यह विवाद उसकी जान पर भारी पड़ गया.
मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि पुलिस को रतनपुरा गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा गया है. शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपों की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवाद और अवैध संबंधों से जुड़ी हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.












