#बस्ती_न्यूज
बस्ती में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के परसा हज्जाम गांव के पास NH-27 हाईवे पर बारात से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें आग लग गई। कार में सवार पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह घटना देर रात करीब 1:30 बजे हुई। गोरखपुर से बस्ती आए बाराती शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। खझौला चौकी क्षेत्र में परसा हज्जाम कट के पास उनकी वरना कार (UP53FL5060) अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क किनारे खेत में जा गिरी। इसके तुरंत बाद कार में आग लग गई। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलने पर मुंडेरवा थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने एम्बुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल बस्ती भिजवाया। फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया, जिसकी मदद से वाहन में लगी आग को बुझाया गया। पुलिस के अनुसार, कार सवार सभी पांच व्यक्ति – करण निषाद, गोलू जायसवाल, संदीप निषाद, राजन निषाद और विकास निषाद (सभी निवासी कूड़ाघाट, गोरखपुर) सुरक्षित हैं। उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जो जिला अस्पताल में मौजूद हैं। घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और मौके पर शांति व्यवस्था व यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में बारात से लौट रही कार पलटी, लगी आग:पांच लोग सुरक्षित निकाले गए, फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












