Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)खैरी समैसा प्राथमिक विद्यालय में बृहद पौधरोपण:पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन...

खैरी समैसा प्राथमिक विद्यालय में बृहद पौधरोपण:पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन का दिया संदेश


जिले के बलहा ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत खैरी समैसा के प्राथमिक विद्यालय में एक वृहद पौधरोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता का संवर्धन करना था। कार्यक्रम के दौरान बच्चों, अभिभावकों और ग्रामवासियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया गया। उन्हें फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाने तथा उन्हें जीवन की अमूल्य धरोहर के रूप में संरक्षित करने का संदेश दिया गया। सभी से अपील की गई कि वे पौधों को किसी प्रियजन के नाम से अपनाएं और उनकी नियमित सिंचाई, खाद तथा देखभाल की जिम्मेदारी निभाएं। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, रसोइया और अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बताते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। विद्यालय प्रबंध समिति, अभिभावकों और ग्रामवासियों ने इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कुमार भाटी ने प्रतिभागियों को मुख्य रूप से फलदार पौधों का वितरण किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जंगली और स्थानीय प्रजातियों के फलदार वृक्षों की संख्या लगातार घट रही है। प्रधानाध्यापक भाटी ने आगे कहा कि फलदार वृक्षों की कमी से गौरैया, तोता और अन्य कई पक्षियों के भोजन तथा प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि फलदार वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि पक्षियों और अन्य जीवों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें भविष्य की अमूल्य धरोहर बनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं समृद्ध पर्यावरण बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments