- क्राइम ब्रांच ने टैंकर और बड़ी मात्रा में केन बरामद
लखनऊ। क्राइम ब्रांच ने मलिहाबाद थाना क्षेत्र में मिलावटी पेट्रोल के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। एडीसीपी क्राइम किरण यादव के नेतृत्व में गुलाब खेड़ा गांव हुई इस कार्रवाई में मिलावटी पेट्रोल की आपूर्ति करने वाले गिरोह के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने मौके से एक टैंकर, कई वाहन और बड़ी संख्या में पेट्रोल से भरे कैन बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पेट्रोल में इथेनॉल मिलाकर उसकी अवैध रूप से आपूर्ति कर रहे थे। क्राइम ब्रांच अब गिरोह के पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि मिलावटी ईंधन किन-किन पेट्रोल पंपों और अन्य स्थानों तक पहुंचाया जाता था, साथ ही इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच को तेज कर दिया गया है।












