Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में फंदे से लटका मिला छात्रा का शव:मां ने लगाए हत्या...

बस्ती में फंदे से लटका मिला छात्रा का शव:मां ने लगाए हत्या के आरोप, घर के अंदर मिली लाश

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के हर्रैया थाना क्षेत्र के उभाईं गांव में सोमवार को 15 वर्षीय किशोरी का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां ने परिवार के कुछ सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस के अनुसार, उभाईं गांव निवासी दुर्गाप्रसाद की 15 वर्षीय पुत्री आरती, जो कक्षा सात की छात्रा थी, का शव सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह दुर्गाप्रसाद काम पर चले गए थे। वहीं, आरती की मां सुनीता अपने सात वर्षीय बेटे और छोटी बेटी के साथ पहचान पत्र बनवाने के लिए हर्रैया जाने के उद्देश्य से सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थीं। वह भदावल के पास ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान सुबह करीब 11:10 बजे सुनीता को उनके पति का फोन आया, जिसमें बेटी की मौत की सूचना दी गई। खबर मिलते ही वह बदहवास हालत में घर पहुंचीं। सुनीता ने परिवार के कुछ सदस्यों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संबंधित लोगों से पहले से विवाद चल रहा था और उसी रंजिश के चलते उनकी बेटी की हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और मामले की गहन छानबीन जारी है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments