#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के महाराजगंज बाजार से आगे हाईवे किनारे डेढ़ माह से अधूरी पड़ी नाली खुदाई और सड़क किनारे रखे मिट्टी-कचरे को लेकर दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। “हाईवे पर डेढ़ माह से नाली खुदाई अधूरी, सड़क के किनारे मिट्टी-कचरा, कांवड़ यात्रा में बढ़ सकती है दिक्कत” शीर्षक से प्रकाशित इस खबर का तत्काल असर हुआ। इसके बाद कार्यदायी संस्था हरकत में आई और रुका हुआ कार्य पुनः शुरू करा दिया गया। हालांकि, वर्तमान में जिस धीमी गति से काम चल रहा है, उसे देखते हुए यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले यह कार्य पूरा हो पाएगा। कांवड़ यात्रा में अब एक सप्ताह से भी कम समय शेष है, जबकि पूरा जिला प्रशासन कांवड़ व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है। ऐसे में निर्माण कार्य की यह धीमी रफ्तार स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। ग्राम प्रधान विनोद कसौधन ने बताया कि इसी मार्ग से प्रतिवर्ष लाखों कांवड़िए गुजरते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था को यह कार्य कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही पूरा कर लेना चाहिए था। बलवंत सिंह, नयन निषाद और त्रिलोकी सहित अन्य स्थानीय लोगों ने भी एक स्वर में मांग उठाई है कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व यह कार्य हर हाल में पूर्ण कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि कार्य की गति बढ़ाकर इसे शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं होता है, तो लाखों कांवड़ियों की सुरक्षा और उनके सुगम आवागमन पर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
दैनिक भास्कर की खबर का असर:बस्ती में अधूरी नाली खुदाई शुरू, कांवड़ यात्रा से पहले काम पूरा होने पर सवाल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












