हथगांव (फतेहपुर) प्रयागराज की एंटी करप्शन टीम ने सोमवार को हथगांव विकास खंड मुख्यालय में तैनात संविदा कर्मी मनरेगा ऑपरेटर हाफिजुर रहमान को कथित रूप से ₹50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार, एंटी करप्शन टीम के सदस्य करीब एक घंटे पहले से सिविल ड्रेस में ब्लॉक परिसर में मौजूद थे। आरोप है कि सुरजीपुर ग्राम पंचायत के प्रधान संतोष कुमार यादव ने विकास कार्यों के भुगतान के संबंध में ऑपरेटर को ₹50 हजार दिए। इसके बाद जैसे ही उन्होंने बाहर निकलकर टीम को पूर्व निर्धारित संकेत दिया, एंटी करप्शन टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऑपरेटर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ₹50 हजार नकद बरामद किए गए। इसके बाद टीम उसे अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई।
ग्राम प्रधान संतोष कुमार यादव का आरोप है कि उनकी ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित था। भुगतान जारी कराने के एवज में उनसे ₹50 हजार की रिश्वत मांगी गई थी। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत दो दिन पहले एंटी करप्शन संगठन से की गई थी, जिसके आधार पर ट्रैप की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान एडीओ पंचायत डॉ. अनुपम शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनभावन शास्त्री सहित कई कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। वहीं खंड विकास अधिकारी राहुल मिश्रा उस समय ब्लॉक मुख्यालय में मौजूद नहीं थे।
घटना के बाद ब्लॉक परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एंटी करप्शन टीम मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।












