सिद्धार्थनगर में मौसम विभाग ने तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट 6 मई की रात 9:30 बजे के बाद अगले तीन घंटों के लिए प्रभावी रहेगा। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इससे पहले 4 मई को आए तेज तूफान और बारिश ने जिले का तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस तक गिरा दिया था। 6 मई को दिनभर तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ा, हालांकि शाम को कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। नए अलर्ट के बाद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस अवधि में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और कच्चे मकानों को क्षति पहुंचने का खतरा है। प्रशासन ने नागरिकों से रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को अपनी फसल और कृषि उपकरणों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली और आपदा प्रबंधन विभागों को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने और आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान देने का आग्रह किया है।
सिद्धार्थनगर में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट:रात में मौसम बदलने का आशंका, तापमान में आई गिरावट
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












