Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में दहेज के लिए विवाहिता के साथ की मारपीट:शादी में 7...

बस्ती में दहेज के लिए विवाहिता के साथ की मारपीट:शादी में 7 लाख रुपए लिया दहेज, अब अतिरिक्त 3 लाख की डिमांड; मुकदमा दर्ज

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के नगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। एसपी के निर्देश पर नगर थाने में पति सहित कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दयालपुर गांव निवासी निशा पत्नी मनोज कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका विवाह 6 मई 2018 को धर्मपुर निवासी मनोज कुमार पुत्र महेश प्रसाद के साथ हुआ था। विवाह में उनके पिता ने करीब सात लाख रुपए दहेज दिया था। शादी के कुछ समय बाद तक सब ठीक रहा और दंपती का एक पुत्र मयंक है, जिसकी उम्र लगभग सात वर्ष है। पीड़िता का आरोप है कि उनकी सास चंद्रमुखी देवी, ननद डब्बू, देवर सोनू कुमार, राजेश कुमार और पति मनोज कुमार उनसे अतिरिक्त तीन लाख रुपए दहेज की मांग करने लगे। आरोप है कि पति को दुकान खुलवाने के लिए पैसों की आवश्यकता बताकर लगातार ताना मारा जाता था। विरोध करने पर देवर सोनू कुमार मारपीट करता था। निशा ने आरोप लगाया कि हाल ही में एक घटना में ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर उनके साथ मारपीट की। उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया और जान से मारने की नीयत से बिजली का तार छुआ दिया गया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गईं। इसके बाद उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया और शाम को उनके मायके दयालपुर छोड़ दिया गया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उनके पहने हुए कपड़ों के अलावा सारा स्त्रीधन ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिया। महिला ने बताया कि इस घटना की सूचना पहले भी पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, जिसके बाद नगर थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि पीड़िता की तहरीर और उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments