श्रावस्ती में राप्ती नदी गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे भैंस चराने गए दो बालक नहाते समय गहरे पानी में डूब गए। काफी तलाश के बाद एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे बालक की खोज जारी है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। देखिए तस्वीरें…
जानिए पूरा मामला
नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के मलौना खसियारी गांव के बसंतपुरवा निवासी 17 वर्षीय विक्की उर्फ शिवांश और 12 वर्षीय विकास गुरुवार दोपहर भैंस चराने के लिए राप्ती नदी किनारे मथुरा घाट पुल के पश्चिम श्रावस्ती-बलरामपुर सीमा क्षेत्र में गए थे। उस समय गांव के अन्य चरवाहे भी नदी किनारे मौजूद थे। दोपहर में तेज धूप होने के कारण सभी चरवाहे पेड़ की छांव में बैठ गए। इसी दौरान विक्की और विकास नहाने के लिए राप्ती नदी में उतर गए। नहाते-नहाते दोनों गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख अन्य चरवाहों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में कूदकर दोनों की तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर नवीन मॉडर्न थाना प्रभारी निरीक्षक जय हरी मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद 17 वर्षीय विक्की उर्फ शिवांश को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं 12 वर्षीय विकास की तलाश देर शाम तक जारी रही। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार दूसरे बालक की तलाश में जुटी हुई है।
श्रावस्ती के राप्ती नदी में नहाते समय दो बालक डूबे:एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी, भैंस चराने गए थे दोनों
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












