रामपुर:खनन ड्यूटी से लौट रहे एक संग्रह अमीन की आंधी के कारण टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से मृत्यु हो गई।यह घटना रठौड़ा चौराहे के पास हुई।संग्रह अमीन संगठन ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए रात की ड्यूटी व्यवस्था को बंद करने की मांग की है।मृतक की पहचान बिलासपुर तहसील क्षेत्र के आनंद नगर गांव निवासी 59 वर्षीय हरीश कुमार गंगवार के रूप में हुई है,जो संग्रह अमीन के पद पर कार्यरत थे।
बुधवार रात आठ बजे से गुरुवार की रात्रि दो बजे तक खनन ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे।रठौडा चौराहे के पास तेज आंधी के कारण एक विद्युत पोल के तार टूटकर सड़क पर लटक रहे थे।अंधेरा और खराब मौसम होने के कारण उनकी बाइक इन तारों में उलझ गई।इस हादसे में हरीश कुमार गंगवार गंभीर रूप से घायल हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।संग्रह अमीन संगठन के महामंत्री एजाजुद्दीन सहित कई पदाधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे और पंचनामा तथा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।संगठन के महामंत्री एजाजुद्दीन ने बताया कि हरीश गंगवार बिलासपुर के रहने वाले थे और उनकी पोस्टिंग मिलक में थी।उन्होंने कहा कि संग्रह अमीनों की खनन ड्यूटी रात आठ बजे से सुबह दो बजे तक लगाई जाती है,जिसके बाद उन्हें सुबह वसूली संबंधी कार्य भी करना होता है।
एजाजुद्दीन ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रात में खराब मौसम और सुनसान रास्तों के कारण कर्मचारियों की जान जोखिम में रहती है।संगठन जल्द ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर रात की ड्यूटी व्यवस्था को बंद करने की मांग करेगा।राजस्व विभाग के अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों को सांत्वना दी।अपर जिलाधिकारी संजीव वर्मा ने बताया कि यह मामला संज्ञान में है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।हरीश गंगवार अपने पीछे पत्नी,एक बेटा और दो विवाहित बेटियां छोड़ गए हैं।












