लखनऊ । उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट बरेली को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बरेली-बहेड़ी हाईवे पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 13 किलो अवैध अफीम बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई एएनटीएफ और थाना देवरनियां पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बिचपुरी के पास की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाहरी राज्यों से लाई गई भारी मात्रा में अफीम उत्तराखंड में सप्लाई किए जाने वाली है। सूचना मिलते ही टीम ने इलाके में घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड निवासी विशाल कुमार और अजय कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से अफीम के अलावा दो मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की।
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि यह खेप झारखंड से लाई गई थी। वहां से कम कीमत में अफीम खरीदकर उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर सप्लाई की जानी थी। आरोपियों ने बताया कि पूरा नेटवर्क मोबाइल और व्हाट्सएप कॉल के जरिए संचालित होता था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
एएनटीएफ अधिकारियों के अनुसार, गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई राज्यों में मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायरों की जानकारी जुटा रही है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उन्हें अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












