HomeHealth & Fitnessबेकाबू डंपर का कहर: ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा रहे तीन युवकों को कुचला,...

बेकाबू डंपर का कहर: ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा रहे तीन युवकों को कुचला, चालक फरार

जयपुर। दौलतपुरा थाना इलाके में सोमवार-मंगलवार मध्यरात्रि को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दौलतपुरा पुलिया के नीचे तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा रहे तीन युवकों को कुचल दिया।

हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। हादसे के बाद चालक डंपर सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

दौलतपुरा थाना प्रभारी सुनील गोदारा ने बताया कि जमवारामगढ़ क्षेत्र के रायसर (दंताला) निवासी महेश कुमार गुर्जर (35) पुत्र कल्याण सहाय, उसका पड़ोसी कैलाश योगी (40) पुत्र गोपाल योगी और महेश का भाई मुकेश गांव में बन रहे नए मकान की छत के लिए भैरू खेजड़ा से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सरिया लेकर लौट रहे थे।

तीनों युवक रात में घर निर्माण का सामान लेकर गांव जा रहे थे। जैसे ही वे दौलतपुरा पुलिया के नीचे पहुंचे, तभी बिलोची की तरफ से सर्विस रोड पर तेज रफ्तार से आए एक बेकाबू डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैलाश योगी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महेश और मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान मंगलवार सुबह करीब पांच बजे महेश कुमार ने भी दम तोड़ दिया। वहीं मुकेश का अस्पताल में उपचार जारी है।

हादसे के बाद इंसानियत को शर्मसार करने वाला दृश्य भी सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई वाहन घटनास्थल से गुजरते रहे, लेकिन किसी ने घायलों की मदद करने की कोशिश नहीं की।

घायल युवक सड़क पर दर्द से तड़पते रहे और लोग तमाशबीन बने रहे। पूरा हादसा पास में स्थित एक मिष्ठान भंडार के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार डंपर ने तीनों युवकों को कुचल दिया और चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक और डंपर की तलाश कर रही है।

हादसे में जान गंवाने वाले महेश कुमार अपने पीछे डेढ़ साल के मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं। पिता की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों ने हादसे के पीछे भारी वाहनों की लापरवाही और प्रशासनिक ढिलाई को जिम्मेदार ठहराया है।

लोगों का कहना है कि दौलतपुरा टोल और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए भारी वाहन चालक अक्सर सर्विस रोड से होकर दौलतपुरा पुलिया के नीचे से जयपुर की ओर निकलते हैं। इससे टोल भी बच जाता है और पुलिस निगरानी से भी बच निकलते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर लंबे समय से भारी वाहनों की आवाजाही जारी है, लेकिन प्रशासन ने कभी सख्ती नहीं दिखाई।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments