कढ़ाई पनीर :पनीर में अपना कोई स्वाद नहीं होता, सब्जी बनाते वक्त इसमें जो मसाले डाले जाते हैं वही सब्जी का स्वाद बढ़ाते हैं। कढ़ाई पनीर में भी मसाला बेहद खास और खुशबूदार होता है। आप इसे घर में भी बनाकर रख सकते हैं।
कढ़ाई पनीर मसाला बनाने के लिए कढ़ाई मसाला बना कर तैयार करना होगा। इसके लिए एक पैन में 1 बड़ा चम्मच जीरा डालें। आधा चम्मच सौंफ, आधा चम्मच काली मिर्च, 1 चम्मच साबुत धनिया, 2 तेज पत्ता, 1 टुकड़ा दालचीनी, 2 लौंग, 5-6 सूखी लाल मिर्च डाल दें।
सारे मसाले को धीमी आंच पर हल्का भून लें। भूनने के बाद तेज पत्ता कड़क हो जाएगा। अब इस मसाले को ठंडा होने दें। थोड़ी देर बाद इसे मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें। आप चाहें तो मसाले को दरदरा कूट भी सकते हैं।
कढ़ाई पनीर के इस मसाले को आप एयरटाइट कंटेनर में लंबे समय के लिए स्टोर कर सकते हैं। जब भी सब्जी बनाएं इस मसाले का इस्तेमाल करें। आप चाहें तो जिस दिन सब्जी बना रहे है उसी वक्त ताजा मसाला बना लें।
इस मसाले को डालने के बाद पनीर की सब्जी में वही स्वाद आएगा जो बाजार में मिलने वाले कढ़ाई पनीर में आता है। इस मसाले की खुशबू सब्जी के स्वाद को कई गुना बढ़ा देगी। खाने वाले आपके मसाले की रेसिपी जरूर पूछेंगे।











