नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य साधना स्थापक ने शुक्रवार को नरसिंहपुर जिले के करेली नगर के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, उपस्थिति और टीकाकरण व्यवस्था की जानकारी ली।
श्रीमती स्थापक ने करेली के नरसिंह वार्ड क्रमांक-2 तथा महादेव वार्ड क्रमांक-2 में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों का दौरा किया। निरीक्षण शुरू करने से पहले उन्होंने कन्या पूजन कर बालिकाओं का सम्मान किया। इसके बाद केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, दर्ज संख्या, पोषण आहार वितरण और टीकाकरण की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से चर्चा कर बच्चों को दिए जा रहे भोजन और पोषण आहार की गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और संचालन व्यवस्था की भी समीक्षा की।
अधिकारियों ने उन्हें बताया कि करेली नगर क्षेत्र में कुल 29 आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हैं, जिनमें से कुछ केंद्र अभी किराए के भवनों में चल रहे हैं। इस पर श्रीमती स्थापक ने आवश्यक कार्रवाई और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी राधेश्याम वर्मा, मोहनकांत गुर्जर, आदित्य शर्मा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।











