बनासकांठा। गुजरात के बनासकांठा जिले के पालनपुर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी को 50 हजार रुपये में बेचने, मानव तस्करी कराने और उसके साथ दुष्कर्म करवाने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में पति समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति ने 11 मई को पालनपुर पश्चिम थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि दो दिन बाद वह खुद भी लापता हो गया, जिससे पुलिस को शक हुआ। बाद में पुलिस ने पति और उसकी पत्नी दोनों को तलाश लिया।
पीड़िता के बयान में सनसनीखेज खुलासा हुआ कि उसके पति ने कथित तौर पर अपने दोस्तों को 50 हजार रुपये में उसे बेच दिया था। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी ज्वैलरी भी छीनकर बेच दी।
पुलिस उप अधीक्षक जिग्नेश गामित के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म, मानव तस्करी, आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह महिलाओं को बहला-फुसलाकर अपहरण करने जैसे मामलों में शामिल रहा है। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है।












