Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती-अयोध्या हाईवे पर ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर:युवती की मौत, भाई...

बस्ती-अयोध्या हाईवे पर ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर:युवती की मौत, भाई गंभीर रूप से घायल

#बस्ती_न्यूज

बस्ती-अयोध्या हाईवे पर शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना परसरामपुर थाना क्षेत्र स्थित घंघौवा चौकी के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, छावनी थाना क्षेत्र के खतमसराय गांव निवासी चंद्रभान सिंह की 25 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी अपने 17 वर्षीय भाई अभिषेक सिंह के साथ मोटरसाइकिल से अयोध्या खरीदारी करने जा रही थीं। शाम करीब छह बजे जैसे ही वे परसरामपुर थाना क्षेत्र स्थित घंघौवा चौकी के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों भाई-बहन काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में लक्ष्मी ट्रक के पहिये की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घंघौवा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर, अयोध्या भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभिषेक का उपचार जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। परसरामपुर के एसओ विश्व मोहन राय ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही खतमसराय गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments