शोहरतगढ़ में महथा बाजार के पास रेलवे अंडरपास में कई दिनों से भरे पानी को रेल प्रशासन ने निकाल दिया है। सिद्धार्थ वेलफेयर सोसाइटी की पहल पर रेलवे ने 12 घंटे के भीतर पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालने का काम शुरू किया, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिली। गोरखपुर-बढ़नी-गोंडा रेलवे खंड मार्ग पर शोहरतगढ़-परसा स्टेशन के बीच हाल्ट रेलवे स्टेशन महथा बाजार के समीप LHS-73 अंडरपास में पिछले दिनों हुई बारिश के कारण पानी भर गया था। इससे महथा, लेदवा, गजहड़ा, सेंगवार, बौड़हारी, नहरी सहित कई गांवों के लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही थी। स्थानीय नागरिकों ने पहले स्टेशन पर शिकायत की थी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसके बाद महथा ग्राम प्रधान सीताराम और प्रतिनिधि शेख मोहम्मद आसिम नैय्यर ने सिद्धार्थ वेलफेयर सोसाइटी के प्रबंधक वकार मोइज खां से संपर्क किया। सोसाइटी ने 31 मई की शाम को ट्विटर (एक्स) के माध्यम से डीआरएम लखनऊ, रेल मदद, रेल मंत्रालय और रेलवे के उच्च अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया। रेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। डीआरएम प्रयागराज और रेल मदद ने संबंधित अधिकारियों को अंडरपास से पानी निकालने के लिए रेलवे कर्मचारियों को निर्देशित किया। इसके परिणामस्वरूप, 1 जून को 12 घंटे के भीतर ही महथा गांव की ओर जाने वाले मार्ग के अंडरपास से पानी निकालने का काम पंपिंग सेट लगाकर शुरू कर दिया गया। पानी निकाले जाने से लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है। क्षेत्र के संजय श्रीवास्तव, राजकिशोर चौधरी, शेख मोहम्मद आसिम, रामवृक्ष यादव, अंकित भारती, रामकांत यादव, अरविंद भारती, धर्मेंद्र कुमार, अब्दुल वदूद, मोहन, अजय श्रीवास्तव, मोहम्मद सलमान और शमीम सहित कई ग्रामीणों ने सिद्धार्थ वेलफेयर सोसाइटी के प्रबंधक वकार मोइज खां और रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सिद्धार्थनगर में रेलवे अंडरपास में भरे पानी से मिली निजात:संस्था की पहल पर रेल प्रशासन ने 12 घंटे में निकाला पानी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












