#बस्ती_न्यूज
बस्ती में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध तथा लिंग आधारित हिंसा की रोकथाम के उद्देश्य से एक दिवसीय ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन सभागार में हुए इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, महिला पुलिस कर्मियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, यूनिसेफ प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। यह सम्मेलन मिशन शक्ति अभियान के तहत यूनिसेफ एवं दिशा संस्था के सहयोग से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने किशोरियों के घर से भागने की बढ़ती घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने मिशन शक्ति केंद्रों को किशोर-किशोरियों में जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। डीआईजी त्यागी ने स्पष्ट किया कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ पुरुषों के विरोध में खड़ा होना नहीं, बल्कि महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, अधिकार और समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को निष्पक्ष एवं पेशेवर कार्यशैली अपनाने की भी सलाह दी। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ को समाज में लिंग भेदभाव कम करने और महिलाओं के प्रति संवेदनशील वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों से ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर पीड़ित महिलाओं को सहयोग देने और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यशाला में यूनिसेफ की राज्य सलाहकार पल्लवी राय ने महिलाओं के विरुद्ध हिंसा से जुड़े आंकड़ों और सामाजिक कारणों पर प्रकाश डाला। मंडलीय बाल संरक्षण सलाहकार शैलेश प्रताप सिंह ने ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ की अवधारणा, कार्यप्रणाली और सामुदायिक मॉडल की विस्तार से जानकारी दी। यूनिसेफ के राज्य सलाहकार महर्षि अग्निहोत्री ने महिला एवं बाल संरक्षण संबंधी कानूनों, न्यायिक प्रावधानों तथा विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में बहू-बेटी सम्मेलन से महिला सुरक्षा:अपराध रोकथाम पर मंथन, DIG संजीव त्यागी ने दिए निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












