प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं प्रधानाचार्यों के सम्मान में लोक भवन सभागार लखनऊ में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश भर के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय प्रतापगढ़ में भी आयोजित किया गया जहां जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, विधायक सदर प्रतिनिधि अरूण कुमार मौर्य, शिक्षक विधायक प्रतिनिधि अभिमन्यु सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा, सह जिला विद्यालय निरीक्षक आर0पी0 सरोज, राजकीय इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य कुलश्रेष्ठ, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज चंदी गोविंदपुर शशांक सिंह, राजकीय बालिका इण्टर कालेज के उप प्रधानाचार्य डा0 मो0 अनीस, मेधावी-छात्राओं, अध्यापको द्वारा कार्यक्रम का अवलोकन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज के हाईस्कूल वर्ग के 10 छात्र-छात्राओ अमित कुमार विश्वकर्मा, पल्लवी सिंह, आंचल पाण्डेय, प्रतिमान सिंह, अंशिका वैश्य, प्रियंका सिंह, शिवी श्रीवास्तव, शिवम पाण्डेय, वर्षा मंडल व रूचिका तिवारी तथा इंटरमीडिएट वर्ग के 9 मेधावी छात्र-छात्राओं संस्कृति सिंह, आदित्य कुमार विश्वकर्मा, सपना द्विवेदी, यश मौर्य, पलक, आकिब हुसैन, हंशवाहिनी विश्वकर्मा, अनामिका, काजल यादव को प्रमाण-पत्र एवं 21-21 हजार का डेमो चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता केवल परीक्षा में प्राप्त अंकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह उनके परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति का परिणाम होती है। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग विद्यार्थियों के लिए समय की बर्बादी का कारण बन सकता है। इसलिए अनावश्यक रूप से सोशल मीडिया पर समय व्यतीत करने से बचें और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समय का सदुपयोग करें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित करने की भी सलाह दी, जिससे उन्हें देश-दुनिया की गतिविधियों, समसामयिक घटनाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों की महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हो सकें।
भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों की मेहनत एवं मार्गदर्शन का भी परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं।












