श्रावस्ती जनपद के सिरसिया क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक बाबा विभूतिनाथ मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। तड़के करीब तीन बजे से ही शिव भक्तों और कांवड़ियों ने जलाभिषेक शुरू कर दिया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर गंगाजल, बेलपत्र, फूल, फल, भांग और शहद जैसी पूजा सामग्री अर्पित कर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन किया। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयकारों से गूंज उठा। हिमालय की तलहटी और नेपाल सीमा से सटे इस मंदिर की धार्मिक आस्था नेपाल तक फैली है। सावन और महाशिवरात्रि जैसे अवसरों पर नेपाल से भी बड़ी संख्या में शिव भक्त यहां दर्शन और जलाभिषेक के लिए आते हैं। सोमवार को भी नेपाल समेत दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु मंदिर पहुंचे, जिससे पूरे आस्था के साथ भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना रविवार शाम से ही शुरू हो गया था। सोमवार सुबह होते ही दर्शन और जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लग गईं। मंदिर की परंपरा के अनुसार, सावन माह में प्रत्येक रविवार रात करीब 10 बजे भगवान महादेव का पूजन-अर्चन और रुद्राभिषेक किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर अलग-अलग कतारें बनाई गईं। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई और मंदिर के प्रवेश तथा निकास द्वार पर पुलिस बल तैनात रहा। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए चिकित्सा दल और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी। मंदिर के आसपास पूजा सामग्री और प्रसाद की दुकानें सजी रहीं। सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। भक्तों ने बाबा विभूतिनाथ के दर्शन और जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
सावन के दूसरे सोमवार विभूतिनाथ मंदिर में उमड़ी भीड़:श्रावस्ती में नेपाल समेत दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु, किया जलाभिषेक
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












